मंगलवार, 3 सितंबर 2013

मेरी सफलता ....फिर से


नमस्कार मित्रो ,
आपको यह बताते हुए अत्यंत हर्ष हो रहा है , कि मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा परीक्षा 2010  के अंतिम परीक्षा परिणाम घोषित हुए जिसमे आपका यह मित्र " बाल विकास परियोजना  अधिकारी " के पद पर चयनित हुआ है . साथ ही " खंड विकास अधिकारी " की प्रतीक्षा सूची में प्रथम स्थान है . मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा  यह मेरा लगातार दूसरा चयन है . इससे पूर्व मैं आबकारी उपनिरीक्षक के पद पर चयनित हुआ था , और तब नायब तहसीलदार  की प्रतिक्षा सूची में भी स्थान था .इन चयनों में मेरी कड़ी मेहनत के साथ आप सभी का आशीर्वाद और शुभकामनाएं रही है . अभी भी लगातार प्रयास जारी है ....
दैनिक भास्कर के मुख्य पृष्ट पर फोटो के साथ खबर भी ....

मंगलवार, 20 अगस्त 2013

कुछ तसवीरें हमारे पूर्वजों की ....



एक दिन की बात है कि कुछ प्राकृतिक तसवीरें खीचने का बहुत मन हो रहा था , तो मैंने अपना डिजिटल कैमरा और बाइक उठाई और चल पड़ा सागर (मध्य प्रदेश ) के अपने घर से 16  कि मी  दूर स्थित प्राकृतिक और धार्मिक स्थान गढ़पहरा कि ओर... हनुमान जी के मंदिर के लिए प्रसिद्द यह पहाड़ी  स्थान बरसात के समय बहुत खूबसूरत लगता है . ... वहां पहुचकर हमारे पूर्वजो और हनुमान जी के समजातों  ने  मन मोहा तो सोचा क्यों न इन्ही कप अपने कैमरें में कैद किया जाया ...और कुछ प्यारी से तसवीरें आपके लिए लाया हूँ
सबसे पहले जब मैं मंदिर की सीढियों की ओर बढ़ा तो ये  महाशय मेरे हाथ में कैमरा देख कर सामने खड़े हो गये , कि पहले मेरी फोटो खीचो ..फिर आगे जाने दूंगा ...मरता क्या न करता ..इनकी फोटो खीचनी ही पड़ी ....जंगल में बन्दर से बैर थोड़ी ले सकता था !

अब एक कि फोटो खीची तो अगली सीढ़ी पर छोटे उस्ताद बैठे मिले ..अब इन्होने भी कसम खाली थी , कि मैं भी फोटो खिच्वाऊंगा ...लो भाई अब तुम भी खिचवा लो ..कौन सी मेरी रील ख़तम हो रही है ...


लगता है ये महाशय पहले भी कई बार फोटो खिच चुके है , इसलिए स्टाइल में भी है और देखो ...स्माइल भी दे रहे है ...है न !

अरे ..ये क्या हो रहा है ? मैं भी तो देखू ये क्या कर रहे है ? ऐ ...इन्सान की औलाद ..इधर भी बत्ती चमका अपुन भी अमलतास की डाल पे बैठा है ...समझा क्या ?

हुह्ह्ह .....मुझे क्या ....लेना ..मैं लाइम लाइट में नही आने वाला ...मेरी फोटो खीचनी ही थी , तो आते बसंत के मौसम में जब इस पलाश में प्यारे प्यारे फूल खिले थे ..अब आये हो ......मुझे नही खीचनी फोट-वोटो ....मैं चला ...

श... श्ह्ह्ह  आवाज नही ....अभी बिजी हूँ ....कुछ ढूंढ रहा हूँ 

अरे ...देखो मेरी छलांग लगते हुए फोटो लेना .....बिलकुल हीरो स्टाइल में ....ये है जलवा  !

अरे यार ....थोडा से चुक गया ..वरना बड़ी शानदार छलांग लगाई थी... चलो कोई बात नही इसे डिलीट कर देना ..चेहरा नही दिखाऊंगा ..अरे यार समझते नही पीछे देखो ..कितना सुन्दर पेड़ दिख रहा है ...



हाँ ...यही वाला पेड़ .. है न बहुत खुबसूरत नजारा ?



मम्मी ...मम्मी ..देखो ...फोटो खिच रही है ....अपनी भी खिच्वाओ न !

चलो कोई बात ..मम्मी तो तैयार नही ..मेरी ही खीच दो ...ये स्टाइल सही है न  ?                                                तो दोस्तों कैसी लगी ये चित्र मय प्रस्तुति   ?                     


शनिवार, 17 अगस्त 2013

अब पहले जैसा सावन नही आता ...!

भारतीय साहित्य में बसंत के बाद जिस मौसम की चर्चा की गयी है ....वो है श्रावण या सावन मास ! 
हो भी क्यों न , आखिर प्रकृति भी इस महीने पर बहुत मेहरबान जो होती है . सावन के वर्णन में कवियों ने कोई कसर नही छोड़ी है .
याद करे मुकेश का गाया हुआ वो मधुर गीत -  
सावन का महीना, पवन करे सोर
 पवन करे शोर पवन करे सोर 
पवन करे शोर अरे बाबा शोर नहीं सोर, सोर, सोर 
पवन करे सोर.
 हाँ, जियरा रे झूमे ऐसे, जैसे बनमा नाचे मोर हो 
सावन का महीना … मौजवा करे क्या जाने, हमको इशारा जाना कहाँ है पूछे,
 नदिया की धारा मरज़ी है ...
या फिर ..
लगी आज सावन की फिर वो झड़ी है....
या फिर 
सावन बरसे...धड़के दिल...क्यों ना घर से निकले दिल...

 सावन का महिना प्यार का महिना कहलाता था .....पर प्यार तो अब बारहमासी हो गया है . 
भगवान् शिव का प्रिय महिना भी सावन ही है ....इसी महीने में लोग सावन सोमवार का व्रत रखते है ...इसी महीने में कांवरिये कांवर में जल भर कर भगवन शिव का जलाभिषेक करने मीलो पैदल चल कर जाते है . 
सावन के महीने में ही पपीहा स्वाति नक्षत्र का जल पीने पिहू-पिहू  गाता फिरता है ...
सावन के महीने में ही किशोरियां कजरी तीज का व्रत रखती है ..
 लेकिन मैं आज सावन की कसक की बात करना चाहूँगा .......
अब सावन पहले जैसा नही रहा ...
न ही सावन का इंतजार होता है . ...
न बागों में झूलें पड़ते है ...
न परदेस से पिया के आने का इन्तजार होता है ...
न कई दिनों की झड़ी लगती है ....
न सावन के मेले भरते है , जिसमे बच्चे साल भर के लिए खिलोने लेते थे ...
न सावन में  गाँव  में लोग विदेशिया या आल्हा गाते है ..... 
न बहनों के राखी बांधने जाने के लिए मायके जाने की वो बेकरारी रहती है ....
न नागपंचमी पर अखाड़ो में कुश्तियां होती है ....
न सावन में बेटी-बहनें अपने हाथों में पहले की तरह मेहंदी रचाती है ...
न सावन में बारिश के पानी में कागज की कश्तियाँ छोड़ी जाती है ..
न सावन की लड़ी में भीगने का मन होता है ....
आखिर बाजारवाद की अंधी दौड़ ...आधुनिकता के नाम पर ....पाश्चात्य संस्कृति के प्रभाव से हम क्यों अपनी संस्कृति ....अपनी प्रकृति ....से दूर होते जा रहे है ....
अब क्यों नही पहले जैसा सावन आता है ???



शुक्रवार, 16 अगस्त 2013

पुलिस प्रशिक्षण की प्यारी प्यारी यादें ...

प्रणाम मित्रो .
सर्वप्रथम आप सभी को स्वतंत्रता  दिवस की पश्चातवर्ती हार्दिक शुभकामनाएं !
पूरे दो महीने आप से दूर रहने के लिए क्षमा प्रार्थी हूँ, दरअसल मैं २ माह के पुलिस प्रशिक्षण के लिए जवाहर लाल पुलिस अकादमी , सागर  ( म० प्र० ) गया था . दो महीने प्रशिक्षण में बड़ा मजा आया ! पूरे मध्य प्रदेश से आये अपने बैच के लोगो के साथ विभाग के  अनुभवी ( पदोन्नत/प्रमोटी ) लोगो का साथ खूब भाया. इन दो महीनो में बहुत कुछ सीखा. और सबसे ख़ुशी की बात तो ये थी , कि प्रशिक्षण मेरे अपने शहर सागर में ही था .
अब आप सभी से भी इसके अनुभव बाँटना जरुरी है न !
तो प्रशिक्षण कि शुरुआत हुई कटोरा कट हेयर कटिंग के साथ .....

प्रशिक्षण के दौरान मौज मस्ती में भी कोई कमी नही रही ...

ये है सागर की प्रसिद्द लाखा बंजारा झील जिसके किनारे जवाहर लाल पुलिस अकादमी बनी हुई है ...इस तरह के ज्ञान देने की मेरी आदत यह भी बनी रही ..साथ में है मनोज प्रजापति ( ज्ञानार्जन करते हुए ..)

ये है हमारे पूरे बैच की चांडाल चौकड़ी ! इसमें बांयें से मनोज प्रजापति ( सीधी में पदस्थ मगर सीधे नही है ), फिर नीलिमा ( देखने में सबसे छोटी मगर मस्ती में सबकी माँ है ), इसके बाद हमारे बैच के सबसे कमउम्र विक्रम (बेताल ) और सबसे बांये संजीव जैन ( जिन्हें अपने मक्कार होने का गर्व था )



परेड ( सलामी शास्त्र )  करते हुए हम लोग ....और सबसे आगे हमारे कमांडर मनोज प्रजापति

ये है जलवा ...रिवाल्वर और पिस्टल दोनों एक साथ ....हैंड्स अप
और कंप्यूटर भी सीखा हमने ....

  
जब ज्यादा पी० टी० और परेड हो जाती तो थ्योरी की क्लास में थोड़ी झपकी भी लेने में नही चुकते थे . 




ये है हमारा बैच और हमारे प्रशिक्षक

पीछे दिख रही बिल्डिंग -हमारा होस्टल है .

इन महीनो में हमने शारीरिक प्रशिक्षण में पी० टी०  परेड तो थ्योरी में भारतीय दंड संहिता , दंड प्रक्रिया संहिता , आबकारी अधिनियम , एन डी पी एस एक्ट ,  आचरण नियम , विभागीय नियम  इत्यादि सीखा .
और आखिर में दीक्षांत समारोह के बाद विदाई .....






मंगलवार, 18 जून 2013

हर कसौटी पर कम निकले ....

हार गये सारी बाजी, हर कसौटी पर कम निकले 
अब आरज़ू है , कि किसी तरह बस दम निकले 
हर तरह की आजमाईश , हमने की हर तरकीब 
क्या पता था ? हमरी कोशिशें उन पर सितम निकलें 
जीने की आरज़ू नही अब , ख़त्म हो गया जहाँ 
खुश रहे वो , जब कभी हमारा कफ़न निकलें 
हो गये तबाह , पर अब गम क्या करें ,
 मिले खुशियाँ  उन्हें , जब-जब हमारा सनम निकलें
महक बाकि रहेगी ताउम्र, मेरी मोहब्बत की 
चिता की राख को संभल के रखना , क्या पता वो 'चन्दन 'निकले

गुरुवार, 13 जून 2013

मालवा का स्वर्ग है , मांडू ( मांडवगढ़ )

 चलिए आज आपको मालवा के स्वर्ग यानि मांडू अथवा मांडवगढ़ की सैर पर ले चलते है . क्या कहा ? ये मालवा कहाँ है ?  तो बताते है ...भाई सब बताते है ..काहे इतनी जल्दी किये हो .....अब बताने के लिए ही तो ये पोस्ट लिखे है . तो मध्य प्रदेश भारत के कुछ प्राकृतिक सुन्दरता वाले राज्यों में से एक है . पश्चिमी मध्य प्रदेश जिसमे इंदौर , उज्जैन , रतलाम , झाबुआ , धार और देवास  आदि  वाला हिस्सा मालवा के नाम से प्रसिद्द है .  ,
 
बस स्टेंड पहुचते ही थोड़े आगे यह अशर्फी महल दिखाई देता है . कहते है बेगम ने जब इस ऊंचाई पर बने महल में चढ़ने से इंकार कर दिया , तो सुल्तान महमूद खलजी ने उन्हें हर एक सीढ़ी चढ़ने पर एक अशर्फी देने का लालच दिया , और तब से इसे अशर्फी महल कहा जाने लगा . इसके अन्दर विजय स्तम्भ और महमूद खलजी की कब्र है .
सामने आपको हुशंग शाह का मकबरा दिखाई दे रहा है . आज ये खंडहर बताते है , कि एक दिन सबको चले जाना है ...और सब यहीं छोड़कर !

रानी रूपमती से विवाह के बाद जब बाज़ बहादुर को रूपमती ने बताया , कि वो बिना नर्मदा दर्शन के भोजन नही करती , तो बज बहादुर ने २४ घंटो के अन्दर मांडू के इस सबसे ऊँचे टीले पर रूपमती महल का निर्माण कराया . यहाँ से नर्मदा के दर्शन करने के बाद ही रूपमती भोजन करती थी .

हाँ, वही उज्जयनी जहाँ विश्व के सर्वश्रेष्ठ कवियों में शुमार कालिदास ने अपने महान अतुलनीय महाकाव्य और नाटक रचे . यही सिंहासन बत्तीसी की गाथा पैदा हुई . चन्द्रगुप्त के नवरत्न भी इसी भूमि में हुए . बाद में कविकुल शिरोमणि अत्यंत प्रतिभाशाली राजा भोज भी तो इसी माटी में पैदा हुए . ये तो इतिहास की बातें है , वर्तमान में मालवा मध्य प्रदेश का सर्वाधिक संपन्न क्षेत्र है . .....लो कल्लो बात ...अपन को चलना था , मांडू और अपन अटक के रह गए मालवा में ...मालवा की कहानी फिर कभी ..अभी तो बस मांडू की ही बात करते है 
.
रानी रूपमती के महल से दूसरी ओर बाज बहादुर का महल दिखाई देता है .

शायद यही पर बैठकर रानी रूपमती नर्मदा के दर्शन करती होंगी..थोड़ी कोशिश तो मैंने भी की थी ..लेकिन धुंध के कारण नर्मदा तो नही लेकिन प्रकृति के सुन्दर नज़ारे जरुर दिखे .

रूपमती के महल देखने के बाद बज बहादुर के महल के भी दर्शन कर लिए जाये . कहते है . यही बैठ कर बज बहादुर सितार बजाकर रूपमती को रिझाता था . पर आज सन्नाटा पसरा रहता है .
हाँ तो मांडू मध्य प्रदेश के धार जिले का एक खुबसूरत सा क्षेत्र है , जिसे मांडव गढ़ के नाम से भी जाना जाता है . राजा भोज के समय से इसका विकास हुआ , लेकिन मांडू ने अपना यौवन मध्यकाल में खिलजी या खलजी वंश के समय पाया . इसके रूप श्रृंगार को निखारने में होशंगशाह का भी योगदान रहा है .
ये है इको पॉइंट ! आज से बहुत पहले की दूर संचार व्यवस्था . किसी खास पॉइंट पर खड़े होकर आवाज़ देने पर अपनी आवाज़ फिर से सुने देती है . इसी तरह पहले राजा लोग अपने सन्देश इनके माध्यम से धार तक बिना किसी आदमी या हरकारा के सिर्फ आवाज़ से ही पंहुचा देते थे . ये दुनिया का सर्वश्रेष्ठ इको पॉइंट है .

इको पॉइंट के सामने बैठे हमारे ये पूर्वज बड़े प्यार से हमारे हाथो से चने आदि खाते है .

अकबर के आराम के लिए बनवाई गयी ये ईमारत आज नीलकंठ महादेव मंदिर है . वास्तु शैली मुग़ल है , पर ये हिन्दू मंदिर है .यहाँ से सामने विंध्यांचल की सुन्दर घाटियाँ दिखाई देती है .
इतने सारे महल (किले नही )आपको और कहीं नही देखने मिलेंगे  मांडू के कोने-कोने में स्थापत्य का वैभव बिखरा पड़ा है . और प्राकृतिक सुन्दरता भी इसमें चार चाँद लगा देती है . विन्ध्य की खुबसूरत वादियों में बसा मांडू अपने स्थापत्य के साथ-साथ रानी रूपमती और बाज बहादुर की प्रेम गाथा के लिए जाना जाता है . कहते है , आज भी मांडू की फिजाओं में उनकी प्रेम कहानियां सुमधुर लहरियों के साथ घूम रही है .
इस हिस्से को प्रकृति ने बड़े ही प्यार से पाला- पोसा है . उत्तर की ओर विंध्यांचल की उपत्यकाएं ...दक्षिण की ओर सतपुड़ा के घने जंगल इन दोनों का विभाजन करती नर्मदा इस क्षेत्र की खूबसूरती में चार चाँद लगाती है . गुप्त काल में जब चीनी यात्री फाहियान भारत की यात्रा पर आया था , तो उसने मालवा की जलवायु को विश्व की सर्वश्रेष्ठ जलवायु बताया था . तब महान प्रतापी शासक चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य की राजधानी यहीं मालवा में उज्जयनी (वर्तमान में उज्जैन ) थी
ये है , मांडू के सबसे प्रसिद्द इमारत जो बहुत ही खुबसूरत है , इसके दोनों ओर बने तालाब जहाँ इसकी खूबसूरती को बढ़ाते है , वही इसके नाम  " जहाज महल " को भी सार्थक करते है . 

झूले जैसी संरचना के कारण इस महल को " हिंडोला महल " कहा जाता है .

सुन्दर बगीचे इन महलो की खूबसूरती को और अधिक खुबसूरत बनाते है .

जहाज महल का एक और दृश्य !

मांडू में एक दुकान पर राखी जहाज महल और रानी रूपमती की पेंटिंग

ये है मांडू की इमली , जो पुरे भारत में सिर्फ यही मिलती है , मांडू जाओ तो इसे जरुर चखना .

विदेशी सैलानी भारतीय संस्कृति को अपने कैमरे में कैद करते हुए ...

वैसे मांडू में चारो ओर स्थापत्य कला और प्राकृतिक छटा जगह -जगह  बिखरी है , लेकिन अब थक गया हूँ भाई ! अब क्या बच्चे की जान लोगो  ? फ़िलहाल इतना ही ....आगे फिर कभी ..राम राम

orchha gatha

बेतवा की जुबानी : ओरछा की कहानी (भाग-1)

एक रात को मैं मध्य प्रदेश की गंगा कही जाने वाली पावन नदी बेतवा के तट पर ग्रेनाइट की चट्टानों पर बैठा हुआ. बेतवा की लहरों के एक तरफ महान ब...